क्राइम न्यूज, अमर उजाला, हाथरस।
मंदिर में लाइटिंग के लिए जनरेटर लगाए जाने के नाम पर बदमाश किराए का जनरेटर लेकर फरार हो गए। मुरसान के आर्य समाज रोड निवासी रवेंद्र कस्बे में जनरेटर और बिजली का सामान किराए पर देता है। रविवार की दोपहर दो युवक उसके पास आए और मंदिर में जनरेटर लगाने के नाम पर किराए पर जनरेटर ले गए।
उन्होंने दुकानदार को एक हजार रुपये एडवांस भी दिए। दुकानदार ने जनरेटर चलाने के लिए साथ में अपने एक सहयोगी को भी भेजा। साथ गए सहयोगी ने बताया कि रात में खाना खिलाने के नाम पर एक ढाबे पर बैठा लिया और जनरटेर मैक्सी गाड़ी पर लादकर फरार हो गए। शातिरों ने सहयोगी का मोबाइल भी छीन लिया। वापस आकर उसने घटना की जानकारी मालिक को दी। उसके बाद दुकानदार ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।