क्राइम डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
शहर के नजिहाई बाजार में सोमवार देर शाम बाइक टकराने पर छह लोगों ने दो वाल्मीकि युवकों को जमकर पीट दिया। इन युवकों को बचाने के लिए बाजार के दुकानदारों को एकजुट होना पड़ा। दुकानदारों के हमलावरों को दबोचने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और उनको थाने ले आई। आरोपियों के दूसरे समुदाय का होने के कारण थाने में हिंदू जागरण मंच के प्रदेश मंत्री अभिषेक रंजन आर्य के अलावा विहिप, बजरंग दल के कार्यकर्ता भी पहुंच गए। पुलिस ने सभी हमलावरों को हिरासत में ले लिया है।
कोतवाली पुलिस को दी शिकायत में सिटी स्टेशन के सामने मोहल्ला कर्र निवासी रोहित पुत्र वीरभान सिंह ने कहा है कि वह अपने साथी दिवाकर वर्मा पुत्र संजीव वर्मा निवासी होली वाली गली के साथ बाइक से घंटाघर की ओर जा रहा था। तभी नजिहाई बाजार में उसकी बाइक आरोपियों की बाइक से टकरा गई।
आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। उसे व दिवाकर को जमकर धुना गया। बचाने के लिए दोनों ने दुकानदारों से गुहार लगाई। इस पर दुकानदार एकजुट हो गए। कुछ दुकानदारों ने हमलावरों को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दे दी। सांप्रदायिक झगड़े की सूचना पर काफी पुलिसबल मौके पर पहुंच गया। हालांकि मामला केवल मारपीट का होने पर पुलिस ने राहत की सांस ली। कोतवाल जसपाल सिंह पंवार का कहना है कि छह आरोपी हिरासत में लिए गए हैं। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।