न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ (हाथरस)
कस्बा पुरदिलनगर निवासी व्यक्ति ने अपनी पत्नी और ससुरालीजनों के खिलाफ साजिश के तहत जहर खिलाकर मारने और जेवरात व रुपये ले जाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। शिकायतकर्ता का कहना है कि जहर खाने से उसकी हालत बिगड़ गई। काफी इलाज के बाद उसकी जान बच सकी।
कोतवाली में दी गई तहरीर में मोनू पुत्र राधाकिशन निवासी मोहल्ला जलेसरी गेट पुरदिलगनर ने कहा है कि उसकी अपनी पत्नी सपना देवी पुत्री किशन अवतार से काफी समय से अनबन चल रही है। पांच मार्च को उसके घर ससुर किशन अवतार पुत्र झब्बूलाल, विजेंद्र फौजी पुत्र रघुवीर सिंह, अमित कुमार पुत्र किशन अवतार, सुमन देवी और केके नाम के लोग आए।
रात में इन लोगों ने उसको खाने में जहर मिलाकर खिला दिया। उसकी तबियत बिगड़ने के कारण सिकंदराराऊ के एक निजी अस्पताल में उसे इलाज के लिए दाखिल कर दिया गया। इन सभी लोगों ने पत्नी सपना के साथ मिलकर घर में रखे चांदी के 500 ग्राम वजनी जेवरात, पांच तोले सोने के जेवरात और 50 हजार रुपये नकद निकाल लिए और चले गए।
अस्पताल में कई दिन तक चले इलाज के बाद उसकी जान बची। तब वह रिपोर्ट दर्ज कराने आया है। पुलिस मामले की तह में जाने के लिए विवेचना कर रही है। इलाज के दौरान अस्पताल संचालक ने पुलिस को मामले की जानकारी दे दी थी।