ब्यूरो, अमर उजाला, हाथरस
सदर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक महिला के साथ उसी के मोहल्ले के युवक ने सरेआम छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपी ने महिला के पति के साथ मारपीट भी की है और पुलिस में शिकायत करने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी। महिला के पति की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। हालांकि पुलिस इसे महज रंजिश में की गई मारपीट का मामला बता रही है।
महिला के पति का कहना है कि उनकी पत्नी हर रोज पथवारी मंदिर जाती हैं। महिला पर आरोपी युवक की बुरी नजर है। वह अक्सर महिला को घूरता रहता है। 25 जुलाई को जब महिला मंदिर जा रही थी तो आरोपी ने पीछे से उसकी साड़ी खींच दी। इससे सकपकाई महिला ने इसे किसी जानवर की हरकत समझा, लेकिन आरोपी के सामने आने पर महिला गुस्से से तमतमा गई। महिला का कहना है कि आरोपी ने कुछ देर रुकने की बात कहकर उनका हाथ भी पकड़ लिया। यह बात महिला ने शाम को घर पहुंचे अपने पति को बताई। पति आरोपी के घर गए, लेकिन वह नहीं मिला। इसके बाद अगले दिन आरोपी ने महिला के पति को रास्ते में रोककर उनके साथ मारपीट कर दी। इसके अगले दिन आरोपी महिला के घर पहुंच गया और पुलिस में शिकायत करने पर अंजाम भुगतने की बात कही। वहीं, सदर कोतवाल सूर्यकांत द्विवेदी का कहना है कि मामला केवल मारपीट का है। जांच में महिला के साथ छेड़छाड़ की बात सामने नहीं आई है। आरोपी को हिरासत में लिया गया है। उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।