न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
हाथरस। कोतवाली सदर क्षेत्र के गांव कलवारी नगला भीम में दो पक्षों में मारपीट हो गई। इससे कई लोग घायल हो गए। मौके पर तनाव की स्थिति पैदा हो गई। घायलों का डॉक्टरी परीक्षण जिला अस्पताल में कराया गया है।
शनिवार की सुबह नगला भीम में दो समुदाय के लोगों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों में पुरानी बातों को लेकर विवाद चल रहा है। बात शनिवार को कुछ ज्यादा ही बढ़ गई और दोनों ओर की महिलाओं में कहासुनी हुई।
इसके बाद मारपीट हो गई, जिसमें करीब छह महिला और पुरुष घायल हो गए। मामला कोतवाली पहुंचा तो दोनों पक्षों के सहयोग भी वहां पहुंच गए और बैठकर दोनों में सुलह करा दी। कोतवाल जेएस पवार ने बताया कि दोनों पक्षों में सुलह हो गई है। किसी बात को लेकर कहासुनी और मारपीट हो गई थी।