न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
सादाबाद। गत दिनों बिसावर के नगला मदारी में पांच वर्षीय बच्ची को निर्वस्त्र करने के मामले में पुलिस ने नामजद तीनों किशोरों को जेल भेज दिया। लेकिन फिर से इन्हीं तीनों युवकों पर फिर से दो बच्चियों को खेत में ले जाकर अश्लील हरकत करने के आरोप लगे हैं। इनके खिलाफ शुक्रवार को तहरीर भी दी गई है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी शख्स ने तहरीर में आरोप लगाए कि उसकी चार वर्षीय बेटी और मेरी बहन की पांच वर्षीय बेटी घर से दुकान पर मेरे पास 15 दिसंबर की शाम करीब चार बजे आ रही थी, रास्ते में नगला छत्ती निवासी अमन, मुहम्मद सारिक और कादिर उसकी दोनों बच्चियों को बहला-फुसलाकर गलत काम के उद्देश्य से नगला मदारी की तरफ कच्चे रास्ते की तरफ ले जा रहे थे, तभी उसकी दुकान के पड़ोसी योगेश पुत्र सौदान सिंह, जिनका मकान इसी कच्चे रास्ते पर है, उन्होंने बताया कि तुम्हारी दोनों बेटियों को तीन किशोर कच्चे रास्ते की तरफ ले जा रहे हैं।
इस सूचना पर वह मौके पर पहुंचे तो देखा कि तीनों लड़के उनकी लड़कियों के साथ अश्लील हरकतें कर रहे थे, उन्होंने भागकर अपनी बच्चियों को इन लड़कों से बचाया। लोकलाज से वह इन किशोरों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर सका था। तहरीर में नामजद इन तीनों आरोपी 25 दिसंबर को बिसावर के एक व्यवसाई की पांच वर्षीय बच्ची और दो बच्चों को उठाकर ले गए थे और बालिका को खेतों में निर्वस्त्र कर दिया था। इस मामले में भी यह तीनों युवक जेल जा चुके हैं।
कड़ी सुरक्षा में अता कराई जुमे की नमाज
सादाबाद। गांव नगला छत्ती में पुलिस प्रशासन के कड़ी निगरानी के बीच जुमे की नमाज अता कराई गई। गौरतलब हो कि 25 दिसंबर को एक विशेष संप्रदाय के तीन किशोरों द्वारा एक मासूम को खेत में ले जाकर निर्वस्त्र कर दिया गया था। इस पूरे मामले में एक मौलवी का षडय़ंत्र बताया जा रहा था। इसी मौलवी की गिरफ्तारी केा लेकर गांव में तनाव पसरा हुआ है। पिछले दो दिनों से पुलिस और पीएसी भी तैनात है। इसी घटना को मद्देनजर रखते हुए गांव नगला छत्ती में पुलिस प्रशासन की कड़ी निगरानी के बीच जुमे की नमाज अता कराई गई। मस्जिद के बाहर फोर्स तैनात रही।