सादाबाद। एटीएम के जरिए रूपये निकालना एक परचून व्यापारी को भारी पड़ गया। एटीएम के अंदर ही एक शातिर ने बड़ी चालकी से व्यापारी का एटीएम कार्ड बदल दिया और उसके खाते से 1.40 लाख रुपये पार कर दिए। इस संबंध में थाने में तहरीर दी गई है।
बिनोवा नगर चौराहे पर परचून की दुकान करने वाले विपिन कुमार शर्मा पुत्र नत्थीलाल शर्मा मंगलवार को एसबीआई के एटीएम रविवार को एटीएम कार्ड के जरिए 20 हजार रुपये निकालने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां एक शातिर ने उनका कार्ड उनसे ले लिया और उसका पासवर्ड भी पता कर लिया। इस शातिर ने पहले तो 20 हजार उन्हें निकालकर दे दिए, फिर इस शातिर ने एटीएम कार्ड को बदल दिया। एटीएम कार्ड बदलने की भनक विपिन को नहीं लग सकी।
शातिर ने बड़ी चालाकी से उनके एकाउंट से उन्हीं के एटीएम के जरिए 1.40 लाख पार कर दिए। मोबाइल पर मैसेज पहुंचने के बाद विपिन को अपने साथ हुई इस धोखाधड़ी के बारे में पता चला तो उसके पैंरों तले जमीन खिसक गई। विपिन अपने परिजनों के साथ थाने पहुंचा और घटना के संबंध में तहरीर दी। इस संबंध में उसने बैंक मैनेजर से भी शिकायत की है।