क्राइम न्यूज, अमर उजाला, हाथरस।
क्षेत्र के गांव खिटौली कटैलिया के माजरा टोडरपुर में शनिवार रात अज्ञात कारणों से एक युवक की मौत हो गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। तहरीर में पीड़ित पिता ने पांच लोगों पर आशंका व्यक्त की है।
थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में प्रमोद पुत्र बेनीराम निवासी टोडरपुर माजरा खिटौली कटैलिया का आरोप है कि शनिवार को वह परिवार के साथ ग्राम बघराया तहसील सिकंद्राराऊ में शादी में गए थे। घर पर उनके दो पुत्र सोनू व विपिन थे। आरोप है कि रात करीब दस बजे सोनू के पास अज्ञात फोन आया। जिसके बाद वह घर से बाहर चला गया। रविवार की सुबह लोगों ने एक आलू के खेत में 22 वर्षीय सोनू का शव पड़ा देखा।
पीड़ित पिता प्रमोद ने थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। जिसमें आरोप है कि कुछ दिन से गांव के सुरेश पुत्र हुकम सिंह, इन्द्रपाल उर्फ करूआ पुत्र सुरेश, राहुल पुत्र सुरेश, अनिल पुत्र सुरेश, मुकेश पुत्र भूप सिंह व अन्य लोगों के साथ विवाद हो गया था। जिसमें इन लोगों ने सोनू को जान से मारने की धमकी दी थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। युवक की मौत कैसे हुई पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा।