न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
हाथरस। जिलेभर के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में महिला होमगार्डों की तैनाती होगी। इसे लेकर डीएम के पत्र के बाद बीएसए ने जिला होमगार्ड कमांडेंट को पत्र लिखा है, जिसमें रात के वक्त प्रत्येक कस्तूरबा विद्यालय में दो-दो महिला होमगार्ड की तैनाती की मांग की है।
जिले में छह कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय हैं, जिनमें 550 से अधिक बच्चियां अध्ययनरत हैं। ये सभी बच्चियां रात को विद्यालय में ही रहती हैं। इनकी सुरक्षा को लेकर शासन-प्रशासन काफी गंभीर है। इसी को लेकर डीएम के निर्देश पर बीएसए ने जिला होमगार्ड कमांडेंट को पत्र लिखा है।
बीएसए हरिश्चंद्र ने बताया कि कस्तूरबा विद्यालयों में रात के वक्त दो-दो महिला होमगार्ड तैनात कराए जाने के लिए शासन से निर्देश प्राप्त हुए हैं, ताकि बालिकाओं की सुरक्षा का ध्यान रखा जा सके।