न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
धार्मिक भावनाओं के भड़काने के मामले में रिपोर्ट दर्ज होते ही शहर के मोहल्ला बालापट्टी में मंदिर का ताला खोल दिया गया। मंगलवार को पुलिस की मौजूदगी में मंदिर से खंडित मूर्ति को हटाकर नई मूर्ति की स्थापना की गई।
उल्लेखनीय है कि कोतवाली सदर क्षेत्र के मोहल्ला बाला पट्टी में माता के मंदिर को लेकर दो पक्षों में विवाद चल रहा था। एक पक्ष केस जीत गया तो वह मंदिर में माता की मूर्ति लगाने गया। इसे लेकर रविवार के दूसरे पक्ष ने उन पर पथराव कर दिया था। मामला कोतवाली पहुंचा तो पुलिस ने पूरे मामले को समझकर मोहनलाल की तहरीर के आधार पर राजेंद्र कौशिक, बीना कौशिक, कुलदीप, कुलदीप की पत्नी, बूआ, मामा और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
मुकदमा दर्ज होने के बाद एक पक्ष ने मंदिर का ताला खोल दिया, जिसके बाद पुलिस ने अपनी मौजूदगी में मंदिर में माता की नई प्रतिमा की स्थापना कराई। कोतवाल प्रवेश राणा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ तो उन्होंने मंदिर का ताला खोल दिया, जिसके बाद उसमें नई प्रतिमा की स्थापना करा दी गई।