उत्तर प्रदेश शासन के मुख्य सचिव आलोक रंजन ने माध्यमिक शिक्षा परिषद की आयोजित वर्ष 2016 की हाईस्कूल तथा इंटरमीडिएट परीक्षाओं में नकल की रोकथाम तथा परीक्षाएं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराए जाने के लिए जिले में तैनात राजस्व अधिकारियों को सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाए जाने के संबंध में जिलाधिकारी को दिशा- निर्देश दिए हैं।
हाईस्कूल तथा इंटरमीडिएट की संस्थागत व व्यक्तिगत परीक्षाएं एक साथ 18 फरवरी से शुरू होकर 21 मार्च को समाप्त होंगी। इस दौरान यह देखा गया है कि परीक्षार्थियों तथा उनके अभिभावकों द्वारा परीक्षा केंद्रोें के बाहर तथा भीतर अनुशासनहीनता, धमकी, मारपीट और घातक हमले जैसी घटनाएं एवं परीक्षार्थियों द्वारा अनुचित साधन प्रयोग करने का प्रयास किया जाता है। इन कृत्यों से परीक्षा केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक तथा कक्ष निरीक्षकों को अपनी सुरक्षा को लेकर आशंका बनी रहती है। अभी से जिले के संवेदनशील और अतिसंवेदनशील केन्द्रों को चिन्ह्ति किए जाने के आदेश दिए हैं।