कलेक्ट्रेट सभागार में मतगणना को लेकर बैठक लेते डीएम व प्रेक्षक।
- फोटो : अमर उजाला
हाथरस। जिला प्रशासन की ओर से मतगणना को लेकर बुधवार को तैयारियों को अंतिम रुप दे दिया गया। अंतिम रूप दिए जाने के साथ प्रेक्षक रजत कुमार बोस, डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार, एसपी सिद्धार्थ शंकर मीणा, एडीएम डॉ. अशोक कुमार शुक्ला ने मतगणना स्थल का जायजा लिया। तीनों विधानसभा क्षेत्रों की होने वाली मतगणना को लेकर तीनों हॉलों में 14-14 टेबल ईवीएम मतों की गिनती, एक-एक एआरओ, दो-दो टेबल डाकमत पत्र और एक आरओ टेबल लगाई जाएगी। प्रत्येक प्रत्याशी की ओर से 18 एजेंटों को प्रत्येक विधानसभावार लगाया गया है। वहीं पूरे मतगणना परिसर को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में कैद कर दिया गया है। इन कैमरों से परिसर की लगातार रिकार्डिंग की जा रही है, ताकि जरूरत पड़ने पर किसी पल की कोई भी अपडेट और वारदात देखी जा सके।
जिला निर्वाचन अधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने बुधवार को मतगणना स्थल की तैयारियों का अंतिम जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि आयोग के निर्देशों के क्रम में मतगणना के दौरान लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों को बख्शा नहीं जाएगा। मतगणना तीन विधानसभा क्षेत्रों की तीन हॉलों में होगी। तीनों हॉल में बेरीकेडिंग आदि व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर दिया गया है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के ईवीएम मतों की गणना 14-14 टेबलों पर होगी। इन टेबलों पर माइक्रो ऑब्जर्वर की तैनाती की गई है। वहीं प्रत्येक विधानसभा की पांच वीवीपैट रेंडमाइजेशन के जरिए निकाली जाएगी और वीवीपैट की पर्चियों की गणना कराई जाएगी।
प्रत्येक विधानसभा हॉल में दो टेबलों पर डाकमत पत्रों की गणना होगी। वहीं एक-एक एआरओ टेबल रहेगी। सभी टेबलों पर प्रत्याशियों के एजेंट मौजूद रहेंगे। वही ईटीबीपीएस के मतों की स्कैनिंग के लिए प्रशासन की ओर से 17 टेबलें लगाई गई हैं। इन टेबलों पर क्यूआर स्कैनर की मदद से गणना योग्य और अयोग्य मतों को पृथक किया जाएगा। इसके बाद गणना योग्य मतों की गिनती की जाएगी। प्रशासन की ओर से तैयारियों को पूर्ण कर लिया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को चाक चौबंद कर दिया गया है।