देश के सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा के करेंसी चेस्ट से सीधे भारतीय रिजर्व बैंक को नकली नोटों की खेप भेजे जाने का खुलासा हुआ है। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) की तरफ से इस मामले में कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
भारतीय रिज़र्व बैंक कानपुर के निर्गम विभाग (दावा अनुभाग) के प्रबंधक प्रर्णीत पिंजर्ला की तरफ से दी गई शिकायत में साफ तौर पर कहा गया है कि विभिन्न बैंकों के करेंसी चेस्ट शाखाओं से प्राप्त होने वाले प्रेषण में भारी संख्या में जाली नोट पाए जा रहे हैं। जब हाथरस के एसबीआई की मुख्य शाखा के करेंसी चेस्ट से दिसंबर 2022 में पहुंचे नोटों की जांच की गई, तो उनमें बड़े पैमाने पर नकली नोट बरामद हुए।
इन नोटों को इस सफाई से तैयार किया गया था कि ये बैंक की तिजोरी लांघकर सीधे आरबीआई के खजाने तक पहुंच गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने अज्ञात पर जाली नोट बनाने या छापने और जाली नोटों का इस्तेमाल या उनका परिचालन करने के मामले में रिपोर्ट दर्ज की है। अब पुलिस इस पूरे रैकेट की जड़ तक पहुंचने के लिए कड़ियां जोड़ रही है। संवाद