एसओजी व सिकंदराराऊ पुलिस ने तांबा की बड़ी चोरी का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चोरी में शामिल छह शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जिनसे 52 लाख की 26 सिल्लियां व दो तमंचे बरामद किए गए हैं। शेष माल के साथ एटा का शातिर अभी फरार है।
आरोपियों पर आरोप है कि उन्होंने हरदोई से दिल्ली ट्रांसपोर्ट के दौरान चालक की मिलीभगत से करीब 72 लाख रुपये कीमत की कॉपर की सिल्लियां चोरी की थीं और इसे लूट की घटना का दर्शाने का प्रयास किया।
एएसपी रामानंद कुशवाहा ने शनिवार को पुलिस कार्यालय पर पत्रकारों को बताया कि 23 जून 2026 को हरदोई के बैनीगंज निवासी ट्रांसपोर्टर पुष्पेंद्र सिंह ने सिकंदराराऊ पर शिकायत दर्ज कराई थी कि 21 जून की शाम को ट्रक चालक राजेश कुमार उर्फ बंटू तांबा की 48 सिल्लियां लेकर दिल्ली के लिए निकली था, जिनकी कीमत लगभग 96 लाख रुपये थी।
जब माल तय समय पर नहीं पहुंचा तो दूसरे दिन ट्रक पर लगे जीपीएस की लोकेशन के आधार पर पता चला कि ट्रक सिकंदराराऊ की पोरा चौकी के गांव पुठखेड़ा के पास लावारिस हालत में खड़ा है। चालक व अधिकांश सिल्लियां गायब हैं।
रिपोर्ट दर्ज करने के बाद जब छानबीन की तो पता चला कि ट्रक चालक राजेश ही पूरी घटना का मास्टरमाइंड है। एएसपी ने बताया कि शनिवार की सुबह एटा-अलीगढ़ बाईपास से घटना में शामिल छह बदमाशों को सिल्लियोंं के साथ गिरफ्तार कर लिया। एएसपी ने बताया कि सभी छह अभियुक्त शातिर अपराधी हैं और उन पर लूट चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं।
इनकी हुई गिरफ्तारी
सकीट (एटा) के गांव नगला धनु के राजेश कुमार, कुरावली (मैनपुरी) के गांव दीन नगरिया तिमनपुरा के कुलदीप उर्फ मोहित उर्फ मामा, पटियाली (कासगंज) के गांव मझोला निवासी दुर्वेश यादव, बागवाला (एटा) के गांव कोयना निवासी पवन यादव, एका (फिरोजाबाद) के गांव जोधपुर निवासी पुष्पेंद्र व पटियाली (कासगंज) के गांव चंदनपुरा के अवधेश यादव को पुलिस ने पकड़ा है।
मैनपुरी में दिया घटना को अंजाम
एएसपी ने बताया कि राजेश ने ही सिल्लियों की जानकारी अपने साथियों को दी थी। तीन महीने से इस चोरी की योजना बनाई जा रही थी। ट्रक लेकर राजेश मैनपुरी पहुंचा और थाना कुरावली क्षेत्र के जंगल में 36 सिल्लियां उतार लीं। इसके बाद पुष्पेंद्र को ट्रक लेकर सिकंदराराऊ की ओर भेज दिया। पुष्पेंद्र सिकंदराराऊ में ट्रक छोड़कर भाग गया, जिससे लगे कि चालक से लूट हो गई है। इसके बाद ये लोग सिल्लियां बेचने के लिए दिल्ली जा रहे थे, लेकिन रास्ते में सिकंदराराऊ हाईवे पर इनकी गाड़ी खराब हो गई। 26 सिल्लियां यहां उताकर ये सभी दूसरे वाहन के आने का इंतजार कर रहे थे और अपने सातवें साथी संदीप निवासी सलेमपुर, सकीट (एटा) को ट्रक सही कराने एटा भेज दिया। संदीप के पास ही बाकी 10 सिल्लियां हैं, जिनकी कीमत 20 लाख रुपये है।