नगर पालिका परिषद की जलेसर रोड स्थित कृषि योग्य सीवेज फार्म की भूमि का ठेका उठाए जाने में अनियमितताओं की शिकायत की गई है। नगर पालिका की ओर इस भूमि पर ठेकेदार से अभी तक अनुबंध नहीं किया गया है और न ही कार्यादेश जारी किया गया है। बावजूद इसके भूमि पर आलू की बुवाई कर दी गई है। इसकी शिकायत तीन सभासदों ने मंडलायुक्त अलीगढ़ से की है।
यह शिकायत सभासद मनीष अग्रवाल पीपा, सुनील अग्निहोत्री और नवीन सबलोक ने की है। सभासदों का आरोप है कि वर्ष 2024-25 के ठेके का आज तक न तो अनुबंध हुआ है और न हीं इसका कार्यादेश जारी हुआ है। पालिका के दस्तावेजों में ठेकेदार का दखल भी नहीं है, फिर भी सीवेज फार्म की भूमि पर अवैध रूप से लगातार खेती हो रही है।
आरोप है कि सीवेज फार्म का फसली वर्ष 2023-24 का ठेका 23,11,000 रुपये में विक्रम सिंह के नाम अवैध रूप से दिया गया था, जबकि सभासदों की शिकायत पर यह मामला जांच के अधीन है। आरोप है कि इस ठेके के जरिये नगर पालिका को लाखों रुपये की क्षति पहुंचाई गई है। इस मामले में अभी जांच का निष्कर्ष सामने आना बाकी है। आरोप है कि मनमाने ढंग से आगणन तैयार करके अधिशासी अधिकारी ने ई- निविदा प्रणाली से सीवेज फार्म का फसली वर्ष 2024-25 का ठेका उठाया है, जबकि यह ठेका ई-ऑक्शन से उठाया जाना था अथवा इसकी खुली बोली होनी थी।
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
वर्जन,,,,,,,,,,
सीवेज फार्म की जमीन पर खेती किए जाने के लिए स्वीकृति बोर्ड में हो चुकी है। अनुबंध के लिए दस्तावेजों की मांग की गई है। इसके बाद ही कार्यादेश जारी किया जाएगा। वर्तमान में इस जमीन पर खेती होने की जानकारी नहीं है।
-रोहित सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका।