मेला श्रीदाऊजी महाराज मेला पंडाल में शनिवार को अधिवक्ताओं के मंडलीय सम्मेलन का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि उच्च न्यायालय इलाहाबाद के न्यायमूर्ति राहुल चतुर्वेदी व न्यायमूर्ति गजेंद्र सिंह तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में यूपी बार काउंसिल के अध्यक्ष शिव किशोर गौड़ रहे। न्यायमूर्ति चतुर्वेदी ने कहा कि जिले में न्यायालय भवन का निर्माण जल्द पूरा होगा।
शुभारंभ मां सरस्वती के छवि चित्र पर अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। संयोजक अनुराग अग्निहोत्री एवं जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय भारद्वाज ने सभी अतिथियों का माला पहनाकर और स्मृति चिह्न भेंटकर स्वागत किया। न्यायमूर्ति चतुर्वेदी ने कहा कि वह अपने स्तर से हाथरस को पूरी मदद दिलाने के लिए प्रयास करेंगे, क्योंकि उनका लगाव हाथरस से रहा है। न्यायमूर्ति गजेंद्र सिंह के उद्बोधन की भी सराहना हुई। यूपी बार काउंसिल के अध्यक्ष शिव किशोर गौड़ ने कहा कि वह महाधिवक्ता को साथ ले जाकर शीघ्र ही जिले के लंबित न्यायालय निर्माण की अगली किश्त लाने के लिए मुख्यमंत्री से भेंटकर करेंगे।
बार काउंसिल के पूर्व सचिव एवं वर्तमान सदस्य अरुण कुमार त्रिपाठी ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में आरएनबी डांस क्लास के बच्चों ने सरस्वती वंदना की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम से पूर्व दोनों न्यायमूर्ति ने श्री दाऊजी महाराज के दर्शन किए। मंदिर परिसर में उन्हें इतिहास के बारे में पुजारी ने जानकारी दी। जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय भारद्वाज व सचिव पवन शर्मा ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम संयोजक अनुराग अग्निहोत्री ने राष्ट्रगान के माध्यम से कार्यक्रम संपन्न कराया।
इस मौके पर प्रभारी जनपद न्यायाधीश महेंद्र श्रीवास्तव, विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) चित्रा शर्मा, विशेष न्यायाधीश (एससी एसटी एक्ट) रामप्रताप सिंह, अपर जनपद न्यायाधीश त्रिलोकपाल सिंह, अपर जनपद न्यायाधीश विनीत चौधरी, स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष शंकरलाल आदि न्यायिक अधिकारी मौजूद थे। संचालन पूर्व सचिव राधामाधव शर्मा ने किया।