संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी के विरोध में शनिवार को कांग्रेसियों ने विरोध दर्ज कराते हुए बैल बुग्गी पर यात्रा निकाली। नेताओं ने कहा कि कांग्रेस के शासन में मामूली तेजी पर ये लोग आसमान सिर पर उठा लेते थे, लेकिन अब रोज देश के नागरिकों की जेब पर डाका डाला जा रहा है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष चंद्रगुप्त विक्रमादित्य के नेतृत्व में क्षेत्र के कांग्रेसियों ने शनिवार को नगर जीटी रोड पर पेट्रोलियम पदार्थों की मूल्यवृद्धि के विरोध में जमकर हंगामा किया। जीटी रोड पर नारेबाजी के बीच विरोध प्रकट करने के बाद कांग्रेसियों का काफिला तहसील परिसर में पहुंचा, जहां तहसीलदार टीपी सिंह को ज्ञापन सौंपा गया।
सुरक्षा की दृष्टि से कोतवाल प्रवेश राणा पुलिस बल के साथ प्रदर्शनकारियों के साथ मौजूद रहे। ज्ञापन देने से पूर्व जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के शासन में महंगाई चरम पर है। आम आदमी के सामने लॉकडाउन के बाद रोजी-रोटी की समस्या पैदा हो गई है। भाजपा सरकार महंगाई रोकने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।
इस मौके पर निखिलवर्ती पाठक, सत्यप्रकाश शर्मा, बीना गुप्ता, प्रदीप जादौन, धीरेंद्र बघेल, डॉ. गौरव कश्यप, अनिल कुमार, गिरीश दिवाकर, भूरा पुंढीर, प्रबल जादौन, तरुण भारद्वाज, पवन पंडित, अर्जुन बघेल, योगेश जादौन, शिवम भारद्वाज, विशाल पंडित, सोनू शर्मा, ललित माहौर, अभि कोहली आदि मौजूद थे।