संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
कोरोना कर्फ्यू का उल्लंघन कर दुकान खोलने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। कोतवाल प्रवेश राना ने पांच दुकानदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। ये लोग कर्फ्यू के दौरान दुकान खोलकर सामान बेच रहे थे। कोतवाल ने नगर में भ्रमण कर इनका वीडियो बनाया था। इसी वीडियो के आधार पर इनके खिलाफ कार्रवाई की गई है।
कोरोना कर्फ्यू के कारण कस्बे के अधिकांश बाजार कई दिनों से बंद हैं। सहालग के कारण ग्रामीण अंचल के लोग भारी तादाद में कपड़े, जूते, बर्तन, फर्नीचर आदि खरीदने के लिए बाजार आ रहे हैं। सुबह 11 बजे तक लगभग सभी दुकानें खुलने से बाजार में काफी भीड़ उमड़ जाती है।
पुलिस के आने पर ये लोग शटर गिरा लेते हैं। बृहस्पतिवार को कोतवाल प्रवेश राना ने सादा वर्दी में घूम कर इनका वीडियो बनाया था। शुक्रवार को इस मामले में मोहम्मद कासिम पुत्र यासीन निवासी मोहल्ला नौरंगाबाद, अर्जुन रेडीमेड बड़ा बाजार, दानिश रोशनगंज, विवेक पुत्र कौशल किशोर, सुशील पुत्र हरिओम के खिलाफ धारा 188, 269,270 आईपीसी तथा तीन महामारी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज करा दी है।