सामाजिक दूरी का उल्लंघन करने पर हिरासत में लिए गए लोग।
- फोटो : SADABAD
संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
सादाबाद में लगातार कोरोना संक्रमित मिलने के बाद पुलिस प्रशासन ने सख्त रूख अख्तियार कर लिया है। शनिवार को सादाबाद पुलिस ने लॉकडाउन नियमों का उल्लंघन करने वाले 12 लोगों पर धारा 188, 269 और 270 में कार्रवाई की। इस कार्रवाई से बाजार में बिना मास्क लगाकर घूम रहे लोगों और सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन करने वाले लोगों में अफरातफरी मच गई।
कोतवाल डीके सिसौदिया ने बताया कि सीओ सादाबाद के नेतृत्व में वे उपनिरीक्षक चंद्रपाल सिंह मय उपनिरीक्षक डिप्टी सिंह, हमराह दशरथ सिंह, उमाशंकर, विपिन कुमार के साथ हॉट स्पॉट क्षेत्र व लॉक डाउन में गश्त पर थे। जवाहर बाजार में राम मंदिर के निकट काफी लोग बिना मास्क लगाए और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किए बिना ही झुंड बनाकर खड़े थे, जिन्हें लॉक डाउन नियमों का पालन करने की चेतावनी भी दी गई और घर जाने के लिए कहा गया, लेकिन नहीं मानने पर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इनके खिलाफ कोतवाली पर धारा 188/269/270 महामारी अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।