संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
कस्बे में लगातार गहरा रही बिजली की समस्या से कस्बावासी बेहद परेशान हैं। आए-दिन तारों में आग लग रही है। ट्रांसफॉर्मरों में फॉल्ट हो रहे हैं। खंभों में करंट दौड़ने की वजह से दुर्घटना की आशंका बनी रहती
है। शुक्रवार को इन समस्याओं को लेकर नगर के लोगों का प्रतिनिधिमंडल एक्सईएन विद्युत मनोज कुमार जैन और जेई अमित गुप्ता से मिला और समस्याओं के समाधान की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल चेयरमैन रविकांत अग्रवाल और भाजपा प्रवक्ता सुधीर गर्ग ने एक्सईएन को बताया कि गर्मी के दिनों में नगर में विद्युत कटौती अत्यधिक बढ़ गई है। पल-पल पर फॉल्ट हो रहे हैं और तारों में आग लग रही है। तार जर्जर हो चुके हैं। इससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
एक्सईएन ने बताया कि नगर के जर्जर हो चुके तारों को बदलवाने के लिए प्रस्ताव स्वीकृत हो चुके हैं, लेकिन स्टोर से केबल न मिल पाने के कारण इसमें देरी हो रही है। जल्द ही केबल मिलने की उम्मीद है, जिसके बाद विद्युत आपूर्ति बेहतर हो जाएगी। वार्ता के दौरान बिजली चोरी रोकने को लेकर भी चर्चा हुई।
इधर, जिला योजना समिति की सदस्य अंजू चौधरी ने बताया कि पिपरामई फीडर की विद्युत आपूर्ति बढ़ाई जाए। इस फीडर पर सिर्फ चार से छह घंटे तक आपूर्ति की जा रही है। इससे नौगांव, पिपरामई और बरामई आदि गांवों के ग्रामीण काफी परेशान हैं। सादाबाद में सलेमपुर रोड, महावीर गली, पशु अस्पताल गली सहित कई स्थानों पर बंच केबल जर्जर पड़ी हैं।