भैंस लूटकांड में कार्रवाई नहीं होने की शिकायत लेकर पहुंचे ग्रामीण।
- फोटो : SHAPHU
संवाद न्यूज एजेंसी, सहपऊ।
भैंस लूट कांड में कोई कार्रवाई नहीं करने से आक्रोशित ग्रामीणों ने कोतवाली पर पहुंचकर अपर पुलिस अधीक्षक प्रकाश कुमार से शिकायत की। एएसपी यहां एक महिला की हत्या के सिलसिले में पहुंचे थे। लोगों को कहना था कि कोतवाली से मात्र दस मीटर की दूर पर बंधी भैंस को बदमाश फायरिंग करते हुए जबरन मैक्स में लादकर ले गए। यह एक प्रकार से पुलिस को खुली चुनौती है। ग्रामीणों का कहना है कि कोतवाली पर ड्यूटी पर खड़ा संतरी हल्ला होते देख वापस लौट आया। अगर ड्यूटी पर तैनात मुंशी ने भी थोड़ी सक्रियता दिखाई होती तो भैंस और बदमाश दोनों ही पुलिस की पकड़ में होते। भैंस लूट कांड के आधे घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। आक्रोशित ग्रामीणों को अपर पुलिस अधीक्षक ने आश्वासन दिया कि इस मामले की जांच की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। साथ ही भैंस लूट कांड का शीघ्र ही खुलासा किया जाएगा।