सनातन धर्म के देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक रील बनाकर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया गया है। इस संबंध में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिये शिकायत कर पुलिस अधीक्षक से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
मामला दो अलग-अलग रील्स से जुड़ा है। एक रील में एक युवक भगवान श्रीकृष्ण के रूप का उपहास उड़ाता दिख रहा है, जबकि दूसरी रील में एक अन्य युवक खुद को भगवान हनुमान बताकर अभद्र और आपत्तिजनक अंदाज में मजाक बना रहा है। इन रील्स के वायरल होने के बाद हिंदू समाज और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। यूजर्स ने रील्स के वीडियो शेयर करते हुए हाथरस पुलिस को टैग किया और धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने बताया कि प्रकरण की जांच साइबर सेल को सौंप दी गई है। रील्स बनाने वाले युवाओं की पहचान की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे तत्वों के खिलाफ विधिक व सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।