क्षेत्र के गांव खिटकारी में मंगलवार दोपहर ग्राम प्रधान के घर आधार कार्ड बनाने के एवज में अवैध वसूली कर रहे युवक के विरुद्ध ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया था। इस मामले में बुधवार को 10-12 ग्रामीण तहसील कोल पहुंचे, जहां एसडीएम महिमा राजपूत से मिलकर ग्राम प्रधान और कार्ड बनाने वाले युवक के विरुद्ध शिकायत की। आरोप लगाया कि प्रधान की शह पर ही आधार कार्ड बनवाने के नाम पर रुपये लिए जा रहे थे। ग्रामीणों ने इस संबंध में जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है। एसडीएम ने कहा कि पूरे मामले की जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं ग्राम प्रधान शैलेश कुमार का कहना है कि पंचायत चुनावों के कारण उन्हें बदनाम करने की योजना बनाकर शिकायत की जा रही है।