हाथरस। बिजली महकमे में सक्रिय दलालाें पर शिकंजा कसने की तैयारी की जा रही है। उपभोक्ताओं को दलालों से बचाने और अपनी छवि को साफ बनाने के लिए महकमा अब दलाल किस्म के व्यक्तियों की फोटो खंड, उपखंड और उपकेंद्रों पर फ्लैक्स बोर्ड पर लगवाएगा। इस संबंध में बिजली महकमे के मुख्य अभियंता (वितरण) अलीगढ़ ने हाथरस जनपद के सभी अधिशासी अभियंताओं को पत्र जारी कर दिया है। पत्र में शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
मुख्य अभियंता राकेश कुमार ने निर्देश दिए हैं कि खंड, उपखंड, परीक्षणशाला अथवा उपकेेंद्र से संबंधित जो स्थानीय दलाल किस्म के व्यक्ति हैं, उनका फोटो खिंचवाकर खंड, उपखंड और उपकेंद्र पर फ्लैक्स बोर्ड पर लगवाना सुनिश्चित करें। उपभोक्ता ऐेसे दलालों के संपर्क में आने से बचें। यह भी अंकित कराएं कि ऐसे दलालों से विभाग का कोई संबंध नहीं है। उपभोक्ता अपने कार्य के लिए अवर अभियंता, एसडीओ और एक्सईएन से संपर्क करे, जिससे बाहरी व्यक्तियों के माध्यम से विभाग की धूमिल होने वाली छवि को बचाया जा सके।