सर्दी लोगों की सेहत पर भारी पड़ रही है। बुधवार की रात से लेकर बृहस्पतिवार की सुबह तक तीन लोगों की हार्ट अटैक से मौत हो गई। तीनों को जिला अस्पताल में चिकित्सक ने मृत घोषित किया। तीनों के परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव को लेकर चले गए।
बिछुआ गली निवासी राजू (40) की तबीयत बुधवार की रात को अचानक बिगड़ गई। परिजन उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर आए। यहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार उनकी मौत हार्ट अटैक से हुई है।
इधर, सदर कोतवाली क्षेत्र के कमला बाजार निवासी रविंद्र शर्मा (62) की तबीयत बृहस्पतिवार की सुबह अचानक बिगड़ने पर परिजन उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सक ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार उनकी मौत भी हार्ट अटैक से हुई है।
कोतवाली मुरसान क्षेत्र के गांव गुबरारी निवासी चुन्नीलाल (64) की तबीयत बृहस्पतिवार को अचानक बिगड़ गई। उन्हें भी उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि उनकी मौत हार्ट अटैक से हुई है।