चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर ने जिले में अगले पांच दिनों के लिए मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। इसके अनुसार 25 से 29 जुलाई तक जिले में मध्यम से घने बादल छाए रहेंगे। 25 जुलाई और 29 जुलाई को गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
इस दौरान जिले में अधिकतम तापमान 33.0 से 37.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.0 से 29.0 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। हवा में नमी का स्तर अधिकतम 74% से 88% और न्यूनतम 47% से 63% तक रहेगा।
दक्षिण-पूर्व और दक्षिण-पश्चिम दिशा से छह से 16 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जिसके बीच-बीच में तेज झोंके भी आ सकते हैं।विश्वविद्यालय ने किसानों को सलाह दी है कि धान की 20-25 दिन की तैयार पौध की रोपाई अतिशीघ्र पूरी कर लें। खरपतवार नियंत्रण के लिए रोपाई के दो-तीन दिन के भीतर संस्तुत रसायनों (जैसे एनीलोफॉस या प्रिटलक्लोर) का प्रयोग करें।
यह भी सलाह दी है कि धान में खैरा रोग दिखने पर जिंक सल्फेट और चूने के घोल का छिड़काव करें। फसलों पर उर्वरक या कीटनाशकों का छिड़काव केवल आसमान साफ होने पर ही करें। छिड़काव करते समय हवा की विपरीत दिशा में खड़े न हों।