संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद/मुरसान।
भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति के पदाधिकारियों ने मंगलवार को राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री के नाम डीएम को कलेक्ट्रेट पर ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के जरिये प्रदेश उपाध्यक्ष महेश गुप्ता और अलीगढ़ मंडल महासचिव मोरध्वज सिंघम, प्रदेश महासचिव लोकेश त्यागी ने तीनों कृषि कानूनों को रद्द करने, विभिन्न सरकारी योजनाओं का शत प्रतिशत लाभ सुनिश्चित करने व बंद पड़े नहर, रजबहों को चालू करने की मांग रखी।
ज्ञापन में कहा गया है कि ग्रामीण स्तर पर ध्वस्त पड़ी स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत आदि की तरफ विशेष ध्यान दिया जाए। बंद पड़े सभी नहर, रजबहों को चालू किया जाए, जिससे किसानों को सिंचाई करने में असुविधा न हो। गरीब व किसानों के बच्चों के लिए विद्यालयों में सीटें आरक्षित की जाएं और उन्हें आधुनिक शिक्षा प्रणाली से जोड़ा जाए।
आवारा गोवंश द्वारा किसानों की फसलें बर्बाद होती हैं, इनके लिए ग्राम पंचायत स्तर पर स्थायी गोशालाओं का निर्माण कराया जाए। किसानों को कृषि यंत्र, बीज, खाद व रसायनिक दवाओं पर सीधी बैंक खाते में सब्सिडी उपलब्ध कराई जाए। डीजल पेट्रोल घरेलू गैस की बढ़ती कीमतों को तत्काल कम किया जाए। ट्यूबवेल विद्युत, किसानों के घरेलू विद्युत बिलों को कम किया जाए। इस मौके पर जिलाध्यक्ष श्यामवीर सिंह छोंकर, विशंभरदयाल आदि मौजूद थे।