संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
क्षेत्र पंचायत के अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को नामांकन पत्र जमा करने के लिए विकास खंड कार्यालय पर काफी गहमागहमी रही। हालांकि दोपहर तीन बजे तक सिर्फ एक ही प्रत्याशी डॉ. रीना चौधरी ने अपना नामांकन पत्र दो सेट में जमा किया, जबकि बुधवार को चार लोगों द्वारा छह नामांकन पत्रों की खरीद की गई थी।
ऐसे में नामांकन पत्र जमा करने वाली एक मात्र प्रत्याशी के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। जीत का रास्ता तय मानते हुए प्रत्याशी और उनके साथ आए समर्थकों का लोगों ने फूलमालाओं से जोशीला स्वागत किया।
विकास खंड कार्यालय में राष्ट्रीय लोकदल व सपा की संयुक्त प्रत्याशी डॉ. रीना चौधरी ने अपने ससुर रालोद नेता चौधरी बहादुर सिंह और सास पूर्व ब्लाक प्रमुख मधुवाला चौधरी के साथ बृहस्पतिवार की दोपहर को करीब 12 बजे अपना नामांकन पत्र जमा किया। समय समाप्त होने तक अन्य किसी द्वारा अपना नामांकन पत्र जमा नहीं किया गया। इस प्रकार फिलहाल तो डॉ. रीना चौधरी के सादाबाद ब्लॅाक प्रमुख पद पर निर्विरोध चुने जाने का रास्ता लगभग साफ हो गया है।
डॉ. रीना चौधरी का नामांकन पत्र जमा कराने के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री रामजीलाल सुमन, रालोद के जिलाध्यक्ष केशवदेव चौधरी, पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल, पूर्व विधायक प्रताप चौधरी, जिला पंचायत सदस्य प्रदीप उर्फ गुड्डू चौधरी, सुआ पहलवान, उम्मेद सिंह, विनोद उर्फ गुड्डू चौधरी, महीपाल सिंह, दीपू चौधरी, बिसावर प्रधान जगवेंद्र चौधरी, कैलाश ठेनुआं, प्रधान कजरौठी महाराज सिंह, पूर्व प्रधान ओमवीर सिंह, भोला, दीपू चौधरी, महीपाल सिंह आदि मौजूद रहे।