ग्राम पंचायतों में हुए विकास कार्यों के 3.12 लाख रुपये के अनियमित भुगतान का मामला सामने आया है। जिले की तीन ग्राम पंचायतों के ग्राम पंचायत अधिकारी से इस संबंध में स्पष्टीकरण तलब किया गया है। नियमानुसार ग्राम पंचायत के कंप्यूटर सिस्टम से पंचायत गेटवे पोर्टल के माध्यम से भुगतान न कर अन्य स्थानों से मनमाने ढंग से यह भुगतान किया गया है।
इस मामले में डीपीआरओ सुबोध जोशी ने तीन ग्राम पंचायत सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है। उन्होंने बताया कि ब्लॉक सहपऊ के नगला सलेम ग्राम विकास अधिकारी सुभाष चंद्र दीक्षित, ब्लॉक सिकंदराराऊ की ग्राम पंचायत कचौरा के ग्राम पंचायत अधिकारी विश्व गौरव, ग्राम पंचायत बहरदोई व आरती के ग्राम विकास अधिकारी अनीस खान ने पंचायत गेटवे पोर्टल से भुगतान नहीं किया है। 3.12 लाख रुपये का भुगतान अनियमित तरीके से किया गया है। इस संबंध में उनसे स्पष्टीकरण तलब किया गया है, नहीं देने पर कार्रवाई की जाएगी।