हाथरस। यूपी बोर्ड परीक्षा की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की रविवार को रिजल्ट आने पर रविवार को सुबह से ही साइबर कैफे संचालकों के लिए विद्यार्थी और अभिभावकों की भीड़ लगी रही। दोपहर जब इंटरनेट पर रिजल्ट आया तो वेबसाइट ने भी खूब छकाया। कई घंटे तक माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट बार-बार हैंग होने से विद्यार्थी और अभिभावक काफी देर तक परेशान रहे।
अभिभावक और विद्यार्थी एक साइबर कैफे से दूसरे कैफे पर दौड़ लगाने लगे, लेकिन जब वह दूसरे कैफे संचालकों के यहां पहुंचे तो वहां भी यही परेशानी सामने आई। काफी देर बाद जब वेबसाइट ठीक तरह से चली तो कैफे संचालकों ने धड़ाधड़ रिजल्ट निकाले। विद्यार्थियों और अभिभावकों की अच्छी भीड़ पहुंचने से कैफे संचालकों ने जमकर चांदी काटी। शहर में किसी कैफे संचालक ने रिजल्ट का प्रिंट आउट निकालने के लिए पांच तो किसी ने 10 रुपये वसूल किए।
रविवार को यूपी बोर्ड की वेबसाइट ने खूब छकाया। साइट पर रोल नंबर डालने के बाद भी रिजल्ट नहीं दिखाई दे रहा था। कई घंटे बाद वेबसाइट ठीक तरह से चली तब कहीं जाकर रिजल्ट निकल सके।
अमित शर्मा, साइबर कैफे संचालक
वेबसाइट ठीक तरह से काम नहीं करने पर एक साइबर कैफे से दूसरे साइबर कैफे पर भागते रहे। हर जगह यही परेशानी सामने आ रही थी। दो घंटे बाद रिजल्ट निकल सका।
विशंभर सिंह एडवोकेट
हाईस्कूल का रिजल्ट देखने के लिए साइबर कैफे पर काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। एक घंटा इंतजार करने के बाद ही रिजल्ट निकल सका। नंबर उम्मीद से कम आए हैं।
विधि शर्मा, छात्रा हाईस्कूल
रिजल्ट सही रहा है। नकलचियों की वजह से शहर के परीक्षार्थियों का रिजल्ट उम्मीद के हिसाब से नहीं है, फिर भी रिजल्ट से संतुष्ट हैं।
ऋतु पाठक, छात्रा इंटरमीडिएट
रिजल्ट जैसा भी है, लेकिन मुझे खुशी है कि मैं पास हो गया। पूरे परिवार और दोस्तों के साथ इस कामयाबी का जशभन मनाऊंगा।
पवन शर्मा, छात्र इंटरमीडिएट
पास होने की बहुत खुशी है। 78 फीसदी अंक मिले हैं। इतनी ही उम्मीद की थी। अब आगे की पढ़ाई के लिए और मेहनत करुंगा।
भगवत सिंह, छात्र इंटरमीडिएट