हाथरस जिले में बुखार के साथ डेंगू का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। सासनी क्षेत्र के गांव तिलौठी और हाथरस शहर के तमना गढ़ी में एक-एक व्यक्ति डेंगू पीड़ित मिला है। अब तक जिले में 28 लोग डेंगू पीड़ित मिल चुके हैं। इधर, सहपऊ के गांव चमरपुरा में एक पांच वर्षीय बालक की बुखार से मौत हो गई।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार को गांव तिलौठी और नगला नत्थू में शिविर लगाया। दोनों गांवों में 100 बुखार के मरीज मिले। 30 मरीजों के खून का नमूना लिया गया। इनकी डेंगू और मलेरिया की जांच कराई जाएगी। टीम ने ग्रामीणों से अपील कि वह अपने घर के आसपास कूड़ा जमा न होने दें। सफाई का विशेष ध्यान रखें। रात को सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें। तेज बुखार होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर परामर्श लें। जिला मलेरिया अधिकारी प्रदीप रावत ने ग्रामीणों को डेंगू के लक्षणों की जानकारी दी। टीम ने दोनों गांवों में घूमकर गंदगी हटवाई और एंटी लार्वा का छिड़काव कराया। गौरतलब है कि नगला नत्थू में भी दो दिन पूर्व 12 वर्षीय एक बालक डेंगू पीड़ित मिल चुका है।
टीम में डाॅ. नीतू सिंह, डाॅ.इंदु सारस्वत, डॉ. अलका सेंगर, डाॅ.पावस कुशवाहा, लैब असिस्टेंट कैलाशचंद, आकाश कौशिक, असलम अख्तर खान व रेनू शामिल रहीं। मलेरिया विभाग की टीम ने गांव तिलौठी में मिले डेंगू पीड़ित मरीज के घर पहुंचकर मच्छरों के पनपने के स्रोत नष्ट कराए। इस मौके पर एमआई पूजा गुप्ता, प्रीति सेंगर, अनंत कुमार, राजकुमार, आकाश मौजूद रहे। इधर, शहर के गढ़ी तमना इलाके में 27 वर्षीय सचिन भी डेंगू पीड़ित मिले हैं।