संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
शहर से लेकर देहात तक छुट्टा गोवंश का आतंक है। सोमवार को मीतई में छुट्टा सांड़ ने एक घोड़ा व घोड़ी पर हमला बोलकर उनका पेट फाड़ दिया। इससे दोनों बुरी तरह से घायल हो गए जिससे इनकी हालत नाजुक बनी हुई है। सांड़ के हमले में दो ग्रामीण भी चोटिल हो गए हैं।
कोतवाली चंदपा क्षेत्र के गांव मीतई निवासी इरफान और लालाराम घोड़ा गाड़ी चलाकर अपने परिवार का पालन पोषण करते हैं। सोमवार को इनके घोड़ा व घोड़ी गांव में सड़क किनारे बंधे हुए थे। इसी बीच यहां पर छुट्टा सांड़ आया और घोड़ा- घोड़ी पर हमला कर दिया।
सींग मारकर दोनों पशुओं के पेट फाड़ दिए। यह देख गांव के लोग घोड़ा-घोड़ी को बचाने के लिए भागे तो सांड़ ने उनके ऊपर भी हमला बोल दिया। इससे गांव के दो लोग भी चोटिल हो गए। घोड़ा-घोड़ी की हालत काफी नाजुक बताई जा रही है। गांव में आवारा सांड़ों को लेकर भय पैदा हो गया है।