एसी मेकेनिक संजय से 24 मई 2019 को मोना ठाकुर के नाम के हिस्ट्रीशीटर ने चौथ मांगी थी और जान से मारने की नीयत से पिस्टल से फायर किया था। उस समय संजय बाल-बाल बचे थे। पुलिस ने इस मामले में आरोपी हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार कर जेल भी भेजा था। संपत्ति विवाद के साथ यह भी माना जा रहा है कि बुधवार को हुई संजय की हत्या का इस घटना से तो कोई संबंध नहीं है।
मुरसान गेट पर अमेरिकन एयरकेंडशन एवं रेफ्रिरेजशन नाम से संजय दुकान चलाता था। उस दिन मोना ठाकुर एसी और चौथ मांगने पहुंचा था। संजय ने चौथ देने से इंकार कर दिया तो उस पर हिस्ट्रीशीटर ने गोली चला दी थी। फायरिंग की सूचना पर तत्कालीन कोतवाल प्रवेश राणा भी मौके पर पहुंचे, लेकिन इससे पहले बदमाश बाजार में तमंचा लहराते हुए भाग गए। बाद में पुलिस ने मोना ठाकुर और रोबिन निवासीगण नगला इमलिया को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। संवाद