पूर्व प्रधानमंत्री नरसिंह राव हाथरस में आर्य समाज मुरसान गेट पर एलएन मिश्रा के आवास पर तीन दिन तक हाथरस में रुके थे। पूर्व पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र आर्य ने बताया कि नरसिंह राव आर्य समाज को मानते थे। उनके निमंत्रण पर सन 1976 में आपातकाल के समय वह हाथरस में आर्य समाज मुरसान गेट के जलसे में आए थे। प्रतिदिन दो बार उनका प्रवचन होता था। उनके साथ क्रांतिकारी नारायण स्वामी एवं प्रकाश वीर शास्त्री, सांसद स्वामी रामेश्वरानंद सांसद भी आए थे। नरसिंह राव भी उस समय सांसद थे।
पक्ष-विपक्ष ने भारत रत्न देने का सराहा
भाजपा ने सदैव देश हित, समाज हित में कार्य करने वालों का सम्मान किया है। जिन तीन हस्तियों को भारत रत्न से सम्मानित किया है, इसे लेकर सरकार बधाई की पात्र है। -शरद माहेश्वरी, जिलाध्यक्ष, भाजपा।
इन सबको भारत रत्न देने का हम स्वागत करते हैं, लेकिन प्रश्न यह है कि भारत रत्न चुनाव के समय ही क्यों। लगता है ये सरकार हर फैसले को चुनाव से जोड़कर लेती है। सरकार सम्मान देने में भी राजनैतिक फायदा देखती है। -देवेन्द्र कुशवाहा, जिलाध्यक्ष, समाजवादी पार्टी, हाथरस।
केंद्र सरकार द्वारा देश की जिन हस्तियों को भारत रत्न से सम्मानित किया गया है बीएसपी उसका स्वागत करती है। लेकिन दलित हस्तियों का तिरस्कार करके भाजपा सरकार ने क्या रामराज्य की नई व्याख्या दी है यह कतई नहीं है। दलित व उपेक्षितों के मशीहा मान्यवर काशीराम का इनके हितों में किया गया संघर्ष कोई कम नहीं है। उन्हें भी भारत रत्न से सम्मानित किया जाना चाहिए। -बनीसिंह जाटव, जिलाध्यक्ष, बसपा।
देश की सरकार द्वारा आज भारत रत्न तीनों स्मृति शेष महान विभूतियों को देने की जो घोषणा की है, कांग्रेस पार्टी उसका स्वागत करती है।-चंद्रगुप्त विक्रमादित्य, जिलाध्यक्ष, कांग्रेस।
सन 1983 में जब विधायक की टिकट के लिए उनके आवास पर गया तो वहां भी उनका रहन-सहन देखकर चकित रह गया। फर्श पर जूट की मेट बिछी हुई थी। अन्य नेताओं के यहां मखमल की मेट हुआ करती थी। वह जाति से नहीं किसान को जानते थे। यही कारण है कि उन्होंने अपनी पुत्रियों को विवाह अन्य जातियों में किया। - आनंद शर्मा, एडवोकेट।
चौ. चरण सिंह के 1967 के मुख्यमंत्री कार्यकाल में सरकारी कॉलेज जिनको सरकार धन आवंटित करती थी उनको अनुदान देना बंद कर दिया। चरण सिंह राष्ट्र और किसानों के लिए जिये थे। स्वर्ण मंदिर कांड में इंद्रागांधी का खुलकर समर्थन किया। 1975-1976 आपात स्थिति के खिलाफ मोरार जी देसाई, अटल बिहारी वाजपेयी सबको एक कर जनता पार्टी की स्थापना की गई थी। -वीरी सिंह चौधरी, पूर्व सचिव, उत्तर प्रदेश युवा लोकदल।
यह सम्मान देश के किसान, दलित, वंचित एवं शोषित वर्ग के लोगों को मिला है, जिनके उद्धार के लिए चौधरी साहब का संपूर्ण जीवन समर्पित रहा। यह सम्मान देश के लहलहाते खेत-खलिहानों को मिला है, जहां उनकी आत्मा बसती थी।- प्रदीप चौधरी उर्फ गुड्डू।
किसानों के मसीहा चौ. चरण सिंह भारत रत्न के हकदार हैं। उन्होंने अपना जीवन गरीब, मजूदर, किसानों को समर्पित कर दिया था। उन्हें भारत रत्न मिलना चाहिए था। हमारी पार्टी काफी समय से पूर्व प्रधानमंत्री को भारत रत्न दिए जाने की मांग करती आ रही है। इससे उनके समर्थकों में उत्साह है।-चौधरी केशव सिंह, जिलाध्यक्ष, रालोद हाथरस।