हाथरस। मोहल्ला रमनपुर में जलभराव व गंदगी की समस्या को लेकर लोग परेशान हैं। चामुंडा मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी गंदे पानी में होकर ही जाना पड़ रहा है। बिन बारिश जलभराव होने से लोगों का आक्रोश फूट पड़ा और लोगों ने पालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। लोगों का आरोप था कि सफाई कर्मचारी कूड़ा उठाने नहीं आते। चामुंडा मंदिर के सामने व आसपास गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। नाली साफ न होने से गंदा पानी हर समय सड़क के एक तरफ भरा रहता है। मंदिर आने वाले भक्त व आम लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। कई बार इस संबंध में पालिका अधिकारियों से शिकायत की गई है, लेकिन समस्या का कोई समाधान नहीं हो पा रहा। प्रदर्शन करने वालों में विशाल, अनिल कुमार, चेतन, राहुल, अमन, राम, प्रदीप शर्मा, ज्ञानी गुरु, शिव कुमार, मूला, अमित गुरु सहित काफी लोग शामिल थे।