हाथरस के बेसिक शिक्षा अधिकारी, अधिशासी अभियंता जल निगम, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला समन्वयक कौशल विकास मिशन, सहायक निदेशक मत्स्य, दुग्ध विकास अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक , उपायुक्त सहकारिता, जिला पंचायत राज अधिकारी को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है।
सीएम डेश बोर्ड की जारी रैंकिंग के आधार पर समीक्षा के दौरान विभागीय योजनाओं में लापरवाही बरतने पर हाथरस के मुख्य विकास अधिकारी साहित्य प्रकाश मिश्र ने बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित 10 अधिकारियों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है।
विज्ञापन
शासन की ओर से सीएम डेश बोर्ड के जरिये हाथरस जिले में होने वाले विकास कार्यों की समीक्षा की जाती है। इस दौरान जिले की रैंकिंग जारी की जाती है। जनवरी माह में प्रदेश में जिले की 31वीं रैंक आई। इसके जारी होने के बाद विभागों की विभिन्न संचालित योजनाओं की समीक्षा की गई। समीक्षा में सामने आया कि 10 विभागीय अधिकारियों द्वारा योजनाओं के संचालन में लापरवाही बरती गई है। इस कारण जिले की रैंक में गिरावट दर्ज हुई है।
सीडीओ साहित्य प्रकाश मिश्र ने इस मामले में बेसिक शिक्षा अधिकारी, अधिशासी अभियंता जल निगम, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला समन्वयक कौशल विकास मिशन, सहायक निदेशक मत्स्य, दुग्ध विकास अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक , उपायुक्त सहकारिता, जिला पंचायत राज अधिकारी को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है। उन्होंने कहा है कि योजनाओं से संचालित निर्माण कार्यों की लगातार समीक्षा कर इनको गति दी जाए।