कोतवाली पुलिस ने रीना पुत्री राम सिंह निवासी सिकंदरा जनपद आगरा की तहरीर पर उसके भाई और भाई के परिजनों के खिलाफ पीटने और धोखाधड़ी करने का मुकदमा दर्ज किया है।
तहरीर में रीना ने लिखा है कि उनका भाई रामचंद्र उर्फ सोनू मां कुसुम सिंह, भाई राजू सिंह और निर्मल सिंह को पिछले तीन माह से अधिक समय से गांव समदपुर के घर में नहीं रहने दे रहा है। इस कारण दोनों भाई और मां उनके पास आगरा में ही रह रहे हैं। यदि इनमें से कोई घर आता है तो साेनू, उसकी पत्नी गायत्री, गायत्री की छोटी बहन रजनी तीनों मिलकर उनको गालियां देते हैं और लाठी-डंडों से पीटने पर आमादा हो जाते हैं। गायत्री वर्तमान में ग्राम प्रधान है।
आरोप है कि भाई साेनू को उन्होंने 2018 में प्रधानी एवं बिजली के बिल चुकाने के लिए 22 लाख रुपये दिए थे। इनमें से 14 लाख रुपये का चेक दिया था। सोनू रुपये वापस नहीं कर रहा। पत्नी के प्रधान बनने के बाद जब वह उसके पास रुपये लेने गईं तो उसने साफ इंकार कर दिया। उसने गांव में पंचायत बुलाई और पंचायत में रुपये देने के सबूत दिखाए। पंचायत के बाद उसने बड़े प्यार से उन्हें घर बुलाया और दरवाजा बंद कर उन्हें और उनके साथ आई लड़की को बुरी तरह पीटा। आरोपी ने उनके गले से सोने की चेन और पर्स में रखे रुपये भी निकाल लिए। झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी और घर से निकाल दिया। सोनू अपने ससुराल वालों से भी उन्हें जान से मारने की धमकी दिलवाता है। अब वह कर्ज में लद चुकी है।