कोतवाली चंदपा में कोल्ड स्टोरेज स्वामी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। भारतीय हलधर किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण गोपाल भदौरिया, अलीगढ़ जिला अध्यक्ष अमित भारद्वाज और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने डीएम से मुलाकात की थी। उन्होंने बताया था कि मंशा देवी कोल्ड स्टोरेज के मालिक ने 20 से 25 हजार आलू की बोरियां किसानों से छिपाकर बेच दी हैं और कोल्ड स्टोरेज को बंद कर फरार हो गए हैं। डीएम ने एसडीएम सादाबाद और पुलिस को कोल्ड स्टोरेज मालिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए। मौके पर टीम भेजकर कोल्ड स्टोरेज का ताला खुलवाया गया और मशीनों को चालू कराया गया। अब एसपी के आदेश पर इस मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने कोल्ड स्टोर मालिक के आवास पर दबिश दी, लेकिन वह वहां से भाग गया।