घटना स्थल पर जांच करने पहुंचे एएसपी संसार सिंह व अन्य पुलिसकर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
इंडिगो कार में सवार बदमाशों ने सोमवार शाम को मीतई पर एक गेस्ट हाउस के पास सदर कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले बर्तन कारोबारियों पर फायरिंग कर उनकी कार को लूट लिया। लूट की इस दुस्साहसिक वारदात से पुलिस महकमे में खलबली मच गई। मौके पर एएसपी संसार सिंह के अलावा सीओ सादाबाद मनीषा सिंह भी पहुंच गईं। देर रात तक कार और लुटेरों की खोज चलती रही, लेकिन पुलिस को कोई कामयाबी नहीं मिली। कुछ दिन बीते कार सवार बदमाशों ने ही चंदपा में तबेला गली निवासी किराना व्यापारियों से 70 हजार रुपये लूटे थे और इन्हीं व्यापारियेां से कुछ दिन हसायन थाना क्षेत्र में ठीक उसी तरह लूट की कोशिश की थी।
सरक्यूलर रोड निवासी संजीव पुत्र अशोक अपने चचेरे भाई अनिल पुत्र रामरतन और ड्राइवर नीरज पुत्र रामखिलाड़ी निवासी राया के साथ कार से आगरा से घर लौट रहे थे। सोमवार शाम करीब 6.45 बजे नगला भुस तिराहे से शहर की ओर कार के टर्न लेने ही इंडिगो कार में सवार बदमाश उनके पीछे लग गए।
एक अपाचे बाइक पर दो और बदमाश आरोपियों की कार के साथ चल रहे थे। ड्राइवर नीरज के कार नहीं रोकने पर आरोपियों ने पीछे से फायरिंग शुरू कर दी। इससे व्यापारियों की कार का पिछला शीशा टूट गया। इतने में ही आरोपियों ने अपनी कार को ओवरटेक कर व्यापारियों की कार के आगे लगा दिया और ड्राइवर के हाथ में डंडा मारकर उसे बाहर खींच लिया। दहशत में आए संजीव और अनिल कार से बाहर निकल आए।
आरोपियों ने तमंचा दिखाकर कार को कब्जे में ले लिया और जल्द ही कार में बैठकर चंपत हो गए। बदमाशों के जाने के बाद व्यापारियाें ने यूपी 100 को फोन किया। लूट की सूचना मिलते ही चंदपा थाने की पुलिस के होश उड़ गए। आनन-फानन दरोगाओं को कार खोजने के लिए दौड़ाया गया। यूपी 100 ने भी दूर तक कार को तलाश करने के लिए दौड़ लगाई, लेकिन नतीजा शून्य रहा। इसके बाद मौके पर एएसपी संसार सिंह और सीओ मनीषा सिंह भी पहुंच गए। व्यापारियों से घटना की जानकारी की गई। एएसपी संसार सिंह का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।
सरे बाजार मिठाई विक्रेता पर ताना तमंचा, रोष
हसायन कस्बा के मुख्य बाजार में एक मिठाई विक्रेता की दुकान पर मिठाई खाने पहुंचे दो युवकों ने एकाएक तमंचा तान दिया। सरे बाजार हुई इस घटना से वहां खलबली मच गई। आसपास के दुकानदार भी वहां जमा हो गए, जिसके बाद दोनों युवक वहां से खिसक गए। देर रात इस मामले में मुकदमा दर्ज कराने के लिए कोतवाली में तहरीर दी जा रही थी। दुकानदारों में इस दुस्साहसिक घटना को लेकर आक्रोश था। कस्बा के मोहल्ला दखल निवावसी राहुल वार्ष्णेय की मुख्य बाजार में मिठाई की दुकान है। सोमवार की रात को दो युवक उनकी दुकान पर आए। एक युवक ने उनसे रसगुल्ला मांगा। उन्होंने रसगुल्ला दिया तो इस युवक ने तमंचा निकालकर उनके काउंटर पर रख दिया। इसके बाद इस युवक ने उनसे रबड़ी मांगी। जैसे ही उन्होंने इस युवक को रबड़ी देनी चाही, वैसे ही इस युवक ने उन पर तमंचा तान दिया, जिससे दुकानदार सकते में आ गया। भीड़ को देखकर दोनों युवक बाइक लेकर भाग छूटे। पीड़ित व्यापारी ने दो लोगों के खिलाफ तहरीर देे दी है, जिसमें मिठाई के रुपये मांगने पर तमंचा तानने का आरोप लगाया है।