सिकंदराराऊ थाना अंतर्गत एनएच-34 पर 20 दिसंबरबकी सुबह करीब साढ़े आठ बजे गांव रतिभानपुर के निकट ओवरब्रिज पर अलीगढ़ से एटा की तरफ जा रही कार पीछे से अज्ञात वाहन से टकरा गई, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके चालक अभी (24) की मौत हो गई। एक बच्ची सहित कार में सवार चार लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार मैनपुरी निवासी शिव (21) पुत्र संतोष कुमार, रविकांत (27) पुत्र संतोष कुमार, रिया (25) पत्नी रविकांत, श्रेयांश (4) पुत्री रविकांत कार से मेरठ से मैनपुरी जा रहे थे। एनएच पर गांव रतिभानपुर के निकट ओवरब्रिज पर कार आगे जा रहे अज्ञात वाहन से जा टकराई। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि कार का बोनट और इंजन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में कार चालक अभी पुत्र पुनीत निवासी शास्त्री नगर मेरठ सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर आवागमन बाधित हो गया। आते-जाते वाहन सवार भी वहां रुक गए और सभी ने घायलों को कार से बाहर निकाला, लेकिन इस दौरान अभी की मौत हो गई।
घायल शिव, रविकांत, रिया व श्रेयांश को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां उनका उपचार चल रहा है। मौके पर कोतवाली पुलिस पहुंच गई और क्षतिग्रस्त कार को हाईवे से साइड में हटवाकर यातायात को सुचारू कराया। कोतवाली निरीक्षक शिवकुमार शर्मा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। अभी तक इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है।