सिकंदराराऊ हाईवे पर एटा रोड पर स्थित गांव गढ़िया इकबालपुर के समीप 13 नवंबर की देर रात फल से भरा कैंटर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में कैंटर के चालक और क्लीनर को मामूली चोटें आईं हैं।
विज्ञापन
ग्रामीणों ने बताया कि यह घटना रात करीब दो बजे हुई। कैंटर दिल्ली से लखनऊ जा रहा था। अचानक चालक को नींद का झोंका आने के कारण कैंटर अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे एक गड्ढे में जाकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और इस दौरान यातायात भी प्रभावित हुआ। कोतवाली पुलिस और एनएचएआई के कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंच गए और क्रेन की सहायता से पलटे हुए कैंटर को सीधा किया गया।
कोतवाली निरीक्षक शिवकुमार शर्मा का कहना है कि ट्रक में रखे फलों के कार्टन को व्यवस्थित कर यातायात को सामान्य रूप से बहाल करा दिया गया। बता दें दो दिन पहले इसी हाईवे पर एक बस भी पलटी थी, जिसमें चालक की मौत हो गई थी। एक दिन पहले रतनपुर रोड हाईवे पर भी एक एलपीजी गैस सिलिंडरों से भरा ट्रक चालक को नींद आने के कारण अनियंत्रित होकर पलट गया था, जिससे इसमें लदे सिलिंडर सड़क पर बिखर गए थे और बड़ा हादसा होने से बच गया था।