राजा महेंद्र प्रताप सिंह यूनिवर्सिटी में बीए एलएलबी द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा में 3 जून सुबह की पाली में गड़बड़ी सामने आई। हाथरस के बागला डिग्री कॉलेज में स्थित परीक्षा केंद्र पर प्रश्न पत्र केवल अंग्रेजी भाषा में उपलब्ध कराया गया। नियम के अनुसार प्रश्न पत्र हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में होना चाहिए था। अब पेपर 18 जून को होगा।
विज्ञापन
परीक्षार्थियों ने इस पर आपत्ति दर्ज कराई। कॉलेज प्रशासन ने इसके बारे में यूनिवर्सिटी से जानकारी की। गड़बड़ी का पता चलने पर यूनिवर्सिटी ने परीक्षा को निरस्त कर दिया। सभी परीक्षार्थियों से पेपर वापस ले लिए गए। बागला डिग्री कॉलेज व आरपीएम डिग्री कॉलेज को मिलाकर कुल 126 परीक्षार्थी को यह परीक्षा देनी थी। इस परीक्षा के लिए अब नई तिथि की घोषणा की जाएगी।
बागला डिग्री कॉलेज के प्राचार्य महावीर सिंह छोंकर का कहना है कि प्रश्न पत्र हिंदी व अंग्रेजी दोनों भाषा में होना चाहिए था, इसलिए विश्वविद्यालय ने परीक्षा को निरस्त किया है। जल्द ही नई तिथि की घोषणा की जाएगी। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक धीरेंद्र कुमार ने कहा कि 18 जून को परीक्षा होगी।