माध्यमिक शिक्षा की बोर्ड परीक्षा के लिए जिला परीक्षा समिति अब भी परीक्षा केंद्रों की सूची फाइनल नहीं कर सकी है। हालात यह हैं कि भारी दबाव के बीच जिला परीक्षा समिति अनंतिम सूची में एक दर्जन और नए परीक्षा केंद्र जोड़ने पर गंभीरता से विचार कर रही है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा के लिए इस बार थोक के भाव परीक्षा केंद्रों का निर्धारण हुआ है। हालात यह हैं कि सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि अपने चहेतों के स्कूलों को परीक्षा केंद्र बनवाकर उन्हें खुश करने का कोई मौका नहीं छोड़ना चाहते।
यही वजह है कि इस बार अधिक से अधिक परीक्षा केंद्र बनवाने के लिए लोग जोर लगा रहे हैं, जिससे वह अपने पक्ष में इन विद्यालयों के संसाधनों का उपयोग कर सकें। हालात यह हैं कि जिला परीक्षा समिति शिक्षा सत्र 2015-16 से शिक्षा सत्र 2016-17 में 10 हजार परीक्षार्थियों की संख्या कम होने के बावजूद 10 अधिक सेंटर निर्धारित कर अनंतिम सूची जारी कर चुकी है।
इसके बावजूद यह विद्यालय संचालक शांत होते दिखाई नहीं दे रहे हैं। यह लगातार अपने विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनवाने के लिए हर स्तर पर प्रयास कर रहे हैं, जिससे जिला परीक्षा समिति के सामने एक दर्जन और नए विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाने की चुनौती खड़ी हो गई है।
परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी करने के लिए लगातार मंथन चल रहा है। जिला परीक्षा समिति में शामिल सभी अधिकारियों के साथ आम-सहमति बनाने के प्रयास चल रहे हैं। सभी की सहमति मिलने के बाद अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी।
- जेके मलिक, डीआईओएस