सिकंदराराऊ में रविवार दोपहर करीब एक बजे ग्राम बिलार के निकट एक भीषण सड़क हादसा हुआ। सिकंद्राराऊ जा रहे एक टेंपो में पीछे से टर्न ले रही एक प्राइवेट बस ने टक्कर मार दी। प्रारंभिक सूचना के अनुसार हादसे में दो सगी बहनों की मौत हो गई। मृतकों में छोटी और मोती नाम की दो सगी बहनें हैं।
विज्ञापन
टेंपो में सवार सभी लोग जिला अलीगढ़ के नौसेरवला क्षेत्र के निवासी थे। वे गुरुग्राम में काम करते थे और एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं। ये लोग गुरुग्राम से सिकंद्राराऊ के नौरंगाबाद में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आ रहे थे। यहां हाजी वारिस की बेटी की शादी का कार्यक्रम था। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और सड़क पर खून बिखर गया। पुलिस द्वारा मृतकों और घायलों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि अभी की जा रही है।
बचाव और उपचार
हादसे के बाद मौके पर जिला प्रशासन, पुलिस, एंबुलेंस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें पहुंची। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भेजा गया है। कुछ घायलों को अकराबाद सीएचसी भेजा गया। गंभीर घायलों को उपचार के लिए अलीगढ़ भेजा गया। दो मृतकों के शव सिकंद्राराऊ सीएचसी लाए गए, फिर पोस्टमार्टम के लिए हाथरस भेजे गए।
विज्ञापन
पुलिस जांच जारी
हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। घायलों और मृतकों की संख्या पर विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।