बहादुरपुर भूप में जौ की फसल में लगी आग।
- फोटो : अमर उजाला
सादाबाद। सादाबाद थाना क्षेत्र के गांव बहादुरपुर भूप में कई बुर्जी बिटोरों और जौ की फसल में भयंकर आग लग गई। आग की उठती लपटों से किसानों में हाहाकर मच गया। किसानों को आग से काफी नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने पानी आदि डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। सूचना पर दमकल और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
जानकारी के मुताबिक गांव बहादुरपुरभूप निवासी भगवान सिंह पुत्र गनेशीलाल ने अपने दो बीघा खेत में जुताई कर जौ की फसल तैयार की थी, लेकिन सात अप्रैल की सुबह करीब साढ़े चार बजे उसकी फसल में आग लग गई। मॉर्निंग वॉक पर जाने वाले लोगों ने फसल में आग लगने की जानकारी दी। पीड़ित ने एसडीएम को फोन पर सूचना दी, जिसके बाद मौके पर दमकल, पुलिस और लेखपाल पहुंच गए। भगवान सिंह ने बताया कि उसे करीब 22 हजार रूपये का नुकसान हुआ है।
पीड़ित ने घटना के संबंध में थाने में तहरीर भी दी है। इधर, इसी गांव में श्रीकृष्ण पुत्र रामस्वरूप के कंडों के बिटोरे, उमाशंकर पुत्र लखमीचंद्र की भूसे की बुर्जी, पप्पू सिंह पुत्र कमल सिंह की भूसे की बुर्जी, घनश्याम पुत्र नेत्रपाल की भूसे की बुर्जी में आग लग गई। इससे उन्हें भी हजारों रूपये का नुकसान हुआ है। आग से हुए इस नुकसान की रिपोर्ट का सर्वे लेखपाल प्रेमपाल सिंह ने किया और तहसील प्रशासन को भी अपनी रिपोर्ट सौंपी। आग लगने का कारण ज्ञात नहीं हो सका। एसडीएम ज्योत्स्ना बंधु ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलने पर मौके पर टीम को भेज दिया गया था। सर्वे करा लिया गया है।