गांव टीकरी में मंगलवार की सुबह खेत से चारा लेकर घर लौट रही महिला पर एक सांड़ ने हमला कर दिया। महिला के पेट में सांड़ ने सींगें घुसा दीं जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। जेएन मेडिकल कॉलेज में पहुंचते ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गांव निवासी सूरजमुखी (56) पत्नी श्यौवीर सिंह मंगलवार की सुबह अपनी बैल बुग्गी लेकर पशुओं के लिए चारा लेने अपने खेत पर गई थीं। वहां से चारा लेकर लेकर वह अपने घर के लिए चलीं तभी सामने से आए एक सांड़ ने उनके बैल पर हमला कर दिया।
बुग्गी में बंधे बैल पर सांड़ के हमले को देखकर वह बुग्गी से नीचे उतरीं और सांड़ को भगाने की कोशिश करने लगीं। तभी सांड़ ने बैल को छोड़कर उन पर हमला कर दिया।
सांड़ ने महिला के पेट में अपनी सींगें घुसा दीं। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनका शोर सुनकर दूर खेतों में मौजूद लोग और राहगीर दौड़कर पास पहुंचे और सांड़ को खदेड़कर भगाया। खबर पाकर परिजन भागते हुए मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल सूरजमुखी को परिजन जेएन मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वह अपने पीछे पति, दो पुत्र, दो पुत्रियों को रोता छोड़ गई हैं। ग्राम प्रधान उदयवीर सिंह का कहना है कि सांड़ जानवरों को हमलाकर घायल करता है, गांव के अंदर कभी नहीं आया, आज भी बैल पर हमला करने पर उसे बचाने के प्रयास में महिला पर हमलाकर उसकी जान ले ली, उसे पकड़वाने के प्रयास किए जाएंगे।
-शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है, शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।-गर्वित सिंह, सीओ बरला