कब्रिस्तान पर निर्माण रोकने के विरोध में मार्ग अवरुद्ध कर बैठी महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
नगर के बस स्टेंड पर शुक्रवार दोपहर में ईदगाह रोड स्थित कब्रिस्तान पर निर्माण रोकने के विरोध में मुस्लिम समाज में गुस्सा फैल गया। इससे मुस्लिम महिलाओं सहित काफी लोग आ गए और दो घंटे रोड जाम कर दिया। बाद में मौके पर पहुंचे सीओ और एसडीएम के जांच के आश्वासन पर जाम खोला गया।
इस दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी-लंबी कतार लग गयी। जाम के दौरान कस्बा चौकी पर तैनात दरोगा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। बता दें कि ईदगाह रोड पर ईदगाह के सामने मुस्लिम समाज का पुराना कब्रिस्तान है।
कब्रिस्तान पर कई दिन से निर्माण कार्य चल रहा था। बताया गया कि गुरुवार को कोतवाली पुलिस कब्रिस्तान पर गई तथा निर्माण कार्य को रुकवा दिया। इसे लेकर लोगों में रोष व्याप्त हो गया। शुक्रवार की दोपहर में अफवाह फैली कि कब्रिस्तान के निर्माण के रोकने के लिए दूसरे पक्ष महिलाएं आ गई हैं।
इसके बाद मुसलिम समाज के सैकड़ों लोग तथा दर्जनों महिलाएं बस स्टेंड पर आ गए और सड़क पर अवरोध लगा कर जाम कर दिया। इस दौरान एसएसआई विपिन यादव पर आरोप लगाए तथा भीड़ ने उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। दो घंटे तक लगे जाम के चलते एटा तथा अलीगढ़ रोड पर वाहनों की कतारें लग गयी।
सूचना पर एसडीएम केहरी सिंह तथा सीओ डीके बाल्यान, एसओ गंगा प्रसाद मौके पर पहुंच गए। यहां सपा नेता चेयरमैन पति इकराम कुरैशी ने अधिकारियों को बताया कि 20 वर्ष पूर्व किसी ने कब्रिस्तान का बैनामा कर दिया था उसी के आधार पर कुछ लोग कब्रिस्तान में जगह चाहते हैं खुद तो सामने आते नहीं महिलाओं को आगे कर देते हैं।
कोतवाली पुलिस उनका सहयोग कर रही है इसलिए लोगों में आक्रोश भड़का। सीओ और एसडीएम के जांच तथा जमीन की नाप करा कड़ी कार्यवाही के आश्वासन पर जाम खोल दिया।