जनसभा स्थल पर तैयारियों का जायजा लेते डॉ. अविन शर्मा। संवाद
विधानसभा चुनाव के लिए बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन की शुरुआत सोमवार को सादाबाद से होने जा रही है। कूपा रोड स्थित उत्सव गार्डन में सम्मेलन को बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद संंबोधित करेंगे। सम्मेलन के दौरान ही सादाबाद विधानसभा क्षेत्र से बसपा का उम्मीदवार घोषित किए जाने की भी चर्चाएं हैं।
सादाबाद विधानसभा क्षेत्र के बसपा प्रभारी डॉ. अविन शर्मा ने कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया है। सम्मेलन को सफल बनाने के लिए रविवार को बसपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाया। लोगों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की। संगठन नेताओं ने कहा कि सादाबाद विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में लोग जनसभा में शामिल होंगे।
बारिश को देखते हुए वाटरप्रूफ पंडाल लगाया
बारिश का मौसम है। ऐसे में आयोजकों की ओर से सम्मेलन स्थल पर विशाल वाटरप्रूफ पंडाल लगवाया गया है, ताकि सम्मेलन के दौरान बारिश होने पर किसी तरह की अव्यवस्था न फैले। मंच पर मुख्य अतिथि सहित नेताओं के बैठने और पंडाल में कार्यकर्ताओं के बैठने की व्यवस्था को अंतिम रूप देने में पार्टी कार्यकर्ता रविवार को पूरे दिन लगे रहे। आयोजक सहित पार्टी के कई पदाधिकारियों ने वहां पहुंचकर तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया।
डॉ. अविन शर्मा ने कहा कि कार्यकर्ता सम्मेलन को सफल बनाने के लिए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पूरी ताकत लगा दी है। जनसंपर्क के दौरान क्षेत्र की जनता से अच्छा समर्थन मिला है। लोगों में सम्मेलन के प्रति काफी उत्साह है।