स्टे लाने वाले शिक्षकों के खिलाफ काउंटर की तैयारी
वर्ष 2004-05 में बीएड की डिग्री से शिक्षक बनने वालों की फर्जी, टैंपर्ड डिग्री का मामला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। कार्रवाई के बाद कोर्ट से स्टे लेकर आने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं के खिलाफ बीएसए काउंटर डालने की तैयारी कर रहे हैं। इस संबंध में शासन ने भी बीएसए द्वारा की गई कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी गई है।
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा से वर्ष 2004-05 बीएड की पढ़ाई कर शिक्षक बनने वालों के खिलाफ एसआईटी की जांच चल रही है, जिसमें जनपद के 67 शिक्षक-शिक्षिकाएं फंस चुके हैं। इनके खिलाफ बीएसए कार्रवाई भी कर चुके हैं, लेकिन इनमें से 64 शिक्षक-शिक्षिकाओं को कोर्ट ने स्थगनादेश दे दिया। अब इसको लेकर बीएसए ने क्या कार्रवाई की, इस संबंध में शासन ने बीएसए से जवाब मांगा है। तभी तो अब बीएसए भी स्टे लाने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं के खिलाफ काउंटर लगाने की तैयारी में हैं।
बीएसए हरीशचंद्र ने बताया कि स्टे वाले शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई के संबंध में शासन ने जानकारी मांगी है। शासन द्वारा यह भी कहा गया है कि उनके खिलाफ कोर्ट में काउंटर दाखिल किया जाए। जल्द ही काउंटर दाखिल किए जाएंगे।