कस्बा सादाबाद में कूपा रोड पर मंगलवार को 132 केवी बिजलीघर जैतई रोड के लिए जाने वाली ट्रांसमिशन लाइन टूटकर एचटी लाइन पर गिर गई। इस वजह से कई घरों में तेज धमाके के साथ विद्युत उपकरण फुंक गए। आठ घंटे तक सादाबाद कस्बा सहित साढे़ तीन सौ गांव की बिजली गुल रही।
मंगलवार की सुबह करीब दस बजे अचानक 132 केवी बिजलीघर के लिए आ रही ट्रांसमिशन लाइन नीचे से जा रही एक हाइटेंशन लाइन पर टूटकर गिर गई। इससे अचानक पूरे सादाबाद की बिजली गुल हो गई। वहीं कूपा रोड स्थित बौद्ध बिहार कॉलोनी के कई घरों में तेज धमाके के साथ विद्युत उपकरण फुंक गए। मुन्नी देवी, गंगासरन, अवतार सिंह आदि ने बताया कि उनका पंखा, कूलर, टीवी, फ्रिज, बल्ब, ट्यूबलाइट आदि उपकरण फुंक गए, जिस वजह से उन्हें हजारों रुपये का नुकसान हुआ है।
इधर, लाइन के टूटने की वजह से सादाबाद, बिसावर, एदलपुर, मई और नानऊ बिजलीघर से उर्जीकृत करीब साढ़े तीन सौ गांव के साथ कस्बे की बिजली भी गुल हो गई। इससे लोगों को पूरे दिन परेशानी का सामना करना पड़ा। लोग बिजली विभाग को कोसते रहे। ट्रांसमिशन टीम द्वारा लाइन जोड़े जाने के बाद ही शाम पांच बजे बिजली आपूर्ति सुचारू हो सकी।
वहीं सोमवार को सादाबाद में गाजियाबाद से आई नेशनल थर्मल पावर कारपोरेशन की टीम ने घर-घर जाकर विद्युत लोड और बिल चेक किए। इसके अलावा सिकंदराराऊ मेें विभागीय टीम ने बकाएदारों की बिजली गुल कर दी। सादाबाद पहुंची टीम के इंचार्ज विनय कुमार की देखरेख में स्थानीय अधिकारियों के साथ गौतम नगर, राजनगर, नई बस्ती, राया रोड, बस स्टेंड व मुख्य बाजार में घर और दुकानों पर चेकिंग की। एसडीओ हरिओम सोनी ने बताया कि टीम ने ट्रांसफार्मर के लोड के अलावा उपभोक्ताओें के बिलों को भी चेक किया।
यह देखा कि विभाग द्वारा बिल सही बनाए जा रहे हैं या नहीं। चेकिंग के दौरान टीम के सामने उपभोक्ताओं ने भी अपनी समस्याएं रखीं। इधर, सिकंदराराऊ के एसडीओ आरपी सिंह ने बताया कि सिकंदराराऊ में चलाए गए अभियान में दस उपभोक्ताओं की बिजली बकाए के कारण गुल कर दी गई। इसके अलावा मोहल्ला रोशनगंज, बारहसैनी और दमदमा में विद्युत चेकिंग के दौरान पूर्व में बकाए पर काटे गए कनेक्शन चलते हुए पाए गए। यहां के पांच लोगों के खिलाफ तहरीर दे दी गई है।
करीब 20 दिनों से एक्सईएन विहीन चल रहे सादाबाद विद्युत वितरण खंड चतुर्थ में अब फिर से नए एक्सईएन की तैनाती कर दी गई है। सादाबाद के विद्युत वितरण खंड में 5 अक्तूबर को एक्सईएन मुकेश कुमार का तबादला आगरा के लिए कर दिया गया था। एक्सईएन वीरेंद्र सिंह को यहां का एक्सईएन बनाया गया था, लेकिन किन्ही कारणों वश वीरेंद्र सिंह ने यहां आकर चार्ज नहीं लिया। इस वजह से अलीगढ़ टेस्ट डिवीजन में तैनात एक्सईएन जगतरात को सादाबाद विद्युत वितरण खंड का एक्सईएन बनाया गया है।